उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने आजमगढ़ से आतंक फैलाने के आरोप में मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई को लेकर योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने यूपी एटीएस की सराहना की है. इसके साथ ही उन्होंने समाजावदी पार्टी पर तंज भी कसा है. उन्होंने कहा कि आजमगढ़ को सपा का गढ़ बताया जाता है, वहां से इतने आतंकी निकलते हैं, वहां आतंकी ही पैदा होते हैं क्या?
मोहम्मद शेख का ISI से कनेक्शन
बता दें कि यूपी एटीएस ने आजमगढ़ जिले में निजामाबाद के खुदादादपुर गांव के रहने वाले मो. शेख को गिरफ्तार किया है. उसका कनेक्शन पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने का दावा किया जा रहा है. वह अपने साथियों एवं अन्य लोगों को भी इस आतंकी गैंग में शामिल कर आतंकी घटना अंजाम देने की फिराक में था.
आजमगढ़ और आतंक का पुराना इतिहास- ओपी राजभर
ओपी राजभर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आजमगढ़ का पुराना इतिहास रहा है कि वहां से हमेशा आतंकी पकड़े जाते हैं. राजभर ने सवाल किया कि आजमगढ़ को सपा का गढ़ बताते हैं लोग, तो सपा के गढ़ में आतंकी ही पैदा होते हैं क्या?
“>
सपा के लोग आतंकियों को देते हैं पनाह- राजभर
ओपी राजभर ने कहा कि आजमगढ़ का नाम आने के बाद सपा का नाम आता है, वहां से आतंकी पकड़े जाते हैं, सपा के लोग पनाह देते हैं. तभी तो ऐसे लोग आजमगढ़ में रहते हैं. अब जितने भी आतंकवादी हैं सबको पकड़कर निकाला जाएगा. मंत्री राजभर ने आतंकी मोहम्मद शेख की गिरफ्तारी पर यूपी एटीएस की सराहना की और कहा कि जो लोग देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं, ऐसे लोगों की गिरफ्तारी पर हम यूपी एटीएस की सराहना करते हैं. ऐसे लोगों पर सख्त एक्शन हो.
‘PDA का मतलब पहिला दावा अहिर’
बता दें कि ओपी राजभर इससे पहले भी समाजवादी पार्टी को लेकर निशाना साधते रहे हैं. इससे पहले अखिलेश यादव के PDA को लेकर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का PDA सिर्फ एक छलावा है. PDA का चाहे जो मतलब सपा प्रमुख बताएं लेकिन उनका असली मतलब ‘पहिला दावा अहिर’ है.
राजभर ने कहा है कि समाजवादी पार्टी में गैर यादव पिछड़ों और दलितों की हैसियत सिर्फ झंडा-झोला ढोने, दरी बिछाने और वोट देने तक ही है. सम्मान, सुरक्षा और सत्ता में ‘पहिला दावा अहिर’… बाकी जाएं भाड़ में. राजभर ने कहा कि जो लोग अब भी कन्फ्यूजन में हो वो समझ लें कि इनके पीडीए का असली चेहरा यही है. अखिलेश के लिए पीडीए सिर्फ चुनावी पोस्टर का नारा है…असलियत में गैर यादव पिछड़ों और दलितों के हिस्से अपमान ही आता है, और अखिलेश का संरक्षण सिर्फ जाति देखकर ही मिलता है.