उत्तराखंड के उधम सिंह नगर स्थित पंतनगर यूनिवर्सिटी से तीन नाबालिग बच्चियों से ठेका कर्मी द्वारा छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिसके बाद यूनिवर्सिटी के शिक्षकों ने पंतनगर कोतवाली में जमकर हंगामा काटा. जिस पर पुलिस ने आरोपी दीपक शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को कार्रवाई के लिए तीन अलग-अलग तहरीर मिलीं हैं, लेकिन अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है. पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है. उधर इस घटना से यूनिवर्सिटी कैंपस में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, पंतनगर स्थित देश की प्रसिद्ध यूनिवर्सिटी जीबी पंत विश्वविद्यालय परिसर में बुधवार शाम कुछ नाबालिग बच्चियां में घूम रही थीं. इसी बीच वहां कार्यरत ठेका कर्मी दीपक शर्मा उनके पास आ धमका और उनके साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया. जिसके बाद बच्चियों ने तुरंत इसकी जानकारी घर पहुंचकर परिजनों को दी, स्थानीय लोगों में ठेका कर्मी के प्रति भारी आक्रोश फैल गया तथा घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पंतनगर कोतवाली पहुंच गए और जमकर कोतवाली में हंगामा काटा.
इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया था. परिजनों व स्थानीय लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की. मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय के अपर निदेशक प्रशासन डॉ. ए.के. शर्मा, सुरक्षा अधिकारी डॉ. पी.वी. सिंह सहित कई प्राध्यापक भी कोतवाली पहुंचे बाद में कुलपति डॉ.एस.के. कश्यप भी मौके पर पहुंच गए.
पॉक्सो एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज कर लिए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होगा. गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है. स्थानीय लोगों ने जल्द गिरफ्तारी न होने पर पुलिस के घेराव की चेतावनी भी दी है.