मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे खौफनाक गुप्त तहखाने का खुलासा किया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. ग्राम अल्लीपुर में कब्रिस्तान के पास बने एक मकान के कमरे में ऊपर से सब कुछ सामान्य दिखाई देता था, लेकिन इसी कमरे के अंदर डबल बेड के नीचे एक गुप्त रास्ता बनाया गया था, जो सीधे एक तहखाने तक जाता था. किसी को शक तक नहीं हो सकता था कि कमरे के नीचे अवैध हथियारों की फैक्ट्री चल रही है.
चालाकी और गोपनीय तरीके से तैयार किया था तहखाना
पुलिस के मुताबिक, तहखाना बेहद चालाकी और गोपनीय तरीके से तैयार किया गया था. बाहर से देखने पर यह एक साधारण कमरा लगता था और बिना बेड हटाए या उसके नीचे बने रास्ते की जानकारी के किसी को शक नहीं हो सकता था कि नीचे हथियार बनाए जा रहे हैं. इसी गुप्त तहखाने में आरोपी अवैध पिस्टल तैयार करने का काम करते थे.
स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस गुप्त फैक्ट्री पर छापा मारा. पुलिस की इस कार्रवाई में तहखाने से 8 तैयार पिस्टल, 3 अधबनी पिस्टल, कई मैगजीन, बैरल और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी उपकरण बरामद किए गए. मौके से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
यूपी कैडर के IPS का बंगाल में वीडियो वायरल, अखिलेश यादव बोले- ‘बीजेपी ने अपने एजेंट…’
ऑन डिमांड पिस्टल तैयार कर 60 हजार तक बेचता था आरोपी
एसएसपी अविनाश पाण्डेय ने बताया कि आरोपी ऑन डिमांड अवैध पिस्टल तैयार कर उन्हें 35 हजार से 60 हजार रुपये तक में बेचते थे. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार अन्य जिलों तक जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच जारी है.
बेड के नीचे बने इस गुप्त तहखाने से चल रही हथियार फैक्ट्री का खुलासा मेरठ पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है. इस कार्रवाई से अवैध हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है, जिसे लेकर पुलिस आगे भी जांच में जुटी हुई है.
‘दो वक्त की रोटी भी मुश्किल’, वृंदावन नाव हादसे के बाद छलका नाविकों का दर्द, भक्तों में आई कमी