उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रामनगर कोतवाली क्षेत्र के कटियारा गांव में 21 वर्षीय पॉलिटेक्निक छात्र जितेंद्र चौहान की संदिग्ध मौत के मामले ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया. पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया.
मृतक जितेंद्र चौहान का गांव की एक युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा है. परिजनों का आरोप है कि युवती के परिवार वाले इस संबंध के खिलाफ थे. उन्होंने पहले जितेंद्र के साथ मारपीट की और फिर हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे. सोमवार सुबह घर के एक कमरे में जितेंद्र का शव फंदे से लटका मिला था.
UP Weather: यूपी में मानसून की दस्तक, आज दिन भर झमाझम बारिश के आसार; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
शव रखकर हाईवे पर प्रदर्शन, यातायात ठप
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाए जाने पर सैकड़ों ग्रामीणों ने लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा.
पुलिस पर पथराव, SHO समेत कई घायल
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हुई. आरोप है कि भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. इस पथराव में रामनगर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के सिर में चोट आई और वह घायल हो गए. अन्य पुलिसकर्मी भी इस हमले में प्रभावित हुए. घायल SHO को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया.
अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला जाम
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम रामनगर आनंद कुमार तिवारी और क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और निष्पक्ष जांच व दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर जाम खुलवाया गया और यातायात बहाल किया गया.
तनावपूर्ण माहौल, जांच जारी
पुलिस ने मामले की जांच सभी पहलुओं पर शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस पथराव में शामिल लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी. फिलहाल परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं.
‘हम भला क्या दे सकते हैं आपको…’ अखिलेश यादव के जन्मदिन पर ओपी राजभर ने कसा तंज