ललितपुर में जखौरा-बांसी मार्ग पर शुक्रवार शाम एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली खेत में पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। सभी एक रिश्तेदार के निधन के बाद आयोजित ‘फेरे’ की रस्म से लौट रहे थे। जखौरा थाना क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुरा के पास नहर के निकट एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से नीचे खेत में पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, जखौरा थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर निवासी 32 वर्षीय चंद्रा अहिरवार अपने पति जगदीश प्रसाद और अन्य परिजनों के साथ एक रिश्तेदार के निधन के बाद आयोजित ‘फेरे’ की रस्म में शामिल होकर लौट रही थीं। वापसी के दौरान अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार लोग उसके नीचे दब गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखौरा पहुंचाया। चंद्रा अहिरवार की हालत गंभीर होने पर उन्हें ललितपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां शुक्रवार रात करीब 8 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसे में घायल हुए लोगों में सरोज (50) पत्नी गोविंद, अनीता (30) पत्नी खुशी लाल, सुखवती (55) पत्नी मोहन, भागो (60) पत्नी गोकल, रामस्वरूप (50), लखन लाल (60) और मृतका के पति जगदीश (35) सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी का उपचार जारी है। पति जगदीश ने बताया कि उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Source link
ललितपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, महिला की मौत:8 लोग घायल, फेरे की रस्म से लौट रहा था परिवार