समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के परिवार के लिए बुधवार की सुबह एक दुःखद खबर लेकर आई. राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का अचानक निधन हो गया. जानकारी के अनुसार पहले प्रतीक के घर डॉक्टर पहुंचे और जब शरीर में हरकत नहीं हुई, तब अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इसके बाद का पंचनामा की कार्रवाई कर प्रतीक यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. वहीं, भाई की मौत के बाद सपा चीफ अखिलेश यादव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, अखिलेश यादव करीब 40 मिनट पोस्टमार्टम हाउस में रहे. पोस्टमार्टम हाउस से निकलते मीडिया में इतना ही बयान दिया कि कुछ महीनों पहले मुलाकात हुई थी, मैंने कहा कि सेहत का ध्यान दें.
अपर्णा यादव के घर पहुंचकर CM योगी ने प्रतीक यादव को दी श्रद्धांजलि, परिवार को बंधाया ढांढस
लगभग 2 बजे आवास पहुंची पत्नी अपर्णा
प्रतीक यादव की मौत के बाद पत्नी अपर्णा यादव लगभग 2 बजे अपने आवास पहुंची और उसी समय प्रतीक का शव भी पहुंचा. घर मे माहौल गमगीन था. शिवपाल यादव पत्नी के साथ पहुंचे धर्मेंद्र यादव भी पहुंचे, डिम्पल यादव पहुंची, इसके बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने
पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आए उसमें फेंफड़ो में खून के थक्के जमने से दिल और फेंफड़ो ने काम करना बंद किया, जो मौत की वजह बना. थक्को का सैंपल जांच के लिए संरक्षित किया गया. रिपोर्ट में मौत से पहले चोटों का भी जिक्र है जिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
कल होगा अंतिम संस्कार
लखनऊ के पिपरा घाट पर प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार होगा. प्रतीक की दो बेटियां हैं. उनकी मौत से पूरा परिवार तो सदमे में है, साथ ही उनके जानने वाले भी इस मौत से व्यथित है.
डॉक्टर्स को बिना बताए घर आ गए थे प्रतीक
प्रतीक यादव के संबंध में मिली जानकारी, 30 अप्रैल को प्रतीक यादव को गंभीर हालत में लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तीन दिन बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था. बताया गया कि तबीयत में सुधार होने के बाद प्रतीक यादव डॉक्टर्स को बिना बताए हॉस्पिटल से घर आ गए थे.
प्रतीक को थी फेफड़ों की गंभीर बीमारी
सूत्रों के अनुसार प्रतीक यादव फेफड़ों की गंभीर बीमारी पल्मोनरी एम्बोलिज्म (Pulmonary Embolism) की चपेट में थे. इस बीमारी में खून का थक्का फेफड़ों की नलिकाओं में फंस जाता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन रुक जाता है और जानलेवा साबित हो सकता है.
मुलायम के छोटे बेटे, अखिलेश के भाई और अपर्णा के पति प्रतीक यादव का अचानक निधन, जानिए- पूरी जानकारी