Last Updated:
Mirzapur News: यूपी के मिर्जापुर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां लूसा रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति ट्रैक पर पड़ा मिला. स्टेशन मास्टर ने पुलिस को मेमो भेजा कि एक व्यक्ति पटरी पर मृत पड़ा है. पुलिस स्ट्रेचर और कफ़न लेकर शव को उठाने पहुंची तो शख्स जिंदा मिला. इसके बाद पुलिस ने गंभीर रूप से घायल शख्स को अस्पताल में एडमिट कराया.
मिर्जापुर के लूसा स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर मिला शख्स
मिर्जापुर. यूपी के मिर्जापुर जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शख्स शराब के नशे में रेलवे ट्रैक पर गिर गया. हैरानी की बात यह है कि उसके ऊपर से एक ट्रेन भी गुजर गई. यही नहीं, स्टेशन मास्टर ने पुलिस को मेमो भेज दिया कि एक व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर मृत पड़ा है. लेकिन जैसे ही पुलिस स्ट्रेचर और कफ़न के साथ शव उठाने पहुंची तो वह जिंदा मिला. हालांकि, वह गंभीर रूप से घायल था. पुलिस ने उसे राजगढ़ सीएचसी पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे सोनभद्र मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.
यह पूरी घटना राजगढ़ थाना क्षेत्र लूसा रेलवे स्टेशन की है. स्टेशन मास्टर ने पुलिस को सूचना दी कि रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति मृत पड़ा है. सूचना मिलने पर पुलिस शव उठाने पहुंची, लेकिन मौके पर पहुंचकर देखा कि वह युवक जिंदा है और घायल अवस्था में बातें कर रहा था. घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है. लूसा स्टेशन मास्टर हरे राम यादव ने राजगढ़ पुलिस को लिखित सूचना दी थी कि विद्युत पोल नंबर 199/17 के पास ट्रैक पर एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई है.
शराब के नशे में गिरा था ट्रैक
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मी शव निकालने के लिए कफन और स्ट्रेचर भी साथ ले गए थे. ट्रैक पर पहुंचने पर पुलिस हैरान रह गई. व्यक्ति मरा नहीं था, बल्कि गंभीर रूप से घायल था और होश में था. उसने अपनी पहचान अखिलेश भारती (32 वर्ष), निवासी नदिहार, थाना राजगढ़ के रूप में बताई. प्रारंभिक जांच में पता चला कि अखिलेश शराब के नशे में था और ट्रैक के बीच गिर गया. इसी दौरान उसके ऊपर से एक ट्रेन गुजर गई. चूंकि वह ट्रैक के बीच वाले हिस्से में था, इसलिए उसकी जान बच गई, लेकिन पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं.
पुलिस ने अस्पताल में करवाया एडमिट
पुलिस ने तुरंत युवक को राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सोनभद्र के जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें